फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गठबंधन सरकार ने हरियाणा को अपराधियों की शरणस्थली बनाया: हुड्डा

विज्ञापन
पत्रकारों से बातचीत करते भूपेंद्र सिंह हुड्डा। संवाद। - फोटो : Jind
विज्ञापन
जींद। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार ने हरियाणा को अपराधियों की शरणस्थली बना दिया है। आज कानून व्यवस्था का दीवाला निकल चुका है। हरियाणा में आम आदमी तो सुरक्षित कैसे रहेगा, यहां विधायक ही सुरक्षित नहीं हैं। विधायकों को खुलेआम धमकियां दी जा रही हैं। पुलिस व सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। इस कारण उद्योगपति हरियाणा में निवेश से कतराने लगे हैं। इस कारण प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पूरे देश में अव्वल नंबर पर खड़ा हो गया है। हुड्डा रविवार को यहां अर्बन इस्टेट में कांग्रेस के पूर्व प्रधान बलराम कटवाल के आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
विज्ञापन

हुड्डा ने कहा कि ऐसा लग रहा है मानो प्रदेश में सरकार नाम की चीज नहीं है, क्योंकि अपनी जिम्मेदारियों को दरकिनार कर सरकार केवल घोटालों को अंजाम देने में लगी है। रजिस्ट्री, शराब, धान खरीद, भर्ती, फार्मेसी और अमृत योजना जैसे घोटाले रोज उजागर हो रहे हैं। जांच के नाम पर खानापूर्ति के लिए कमेटी तो बना दी जाती है लेकिन उसकी रिपोर्ट कभी नहीं आती। चंडीगढ़ पर अपने हक को लेकर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को राजधानी पर क्लेम कमजोर नहीं करना चाहिए। 60-40 के अनुपात में हरियाणा का चंडीगढ़ पर पूर्ण अधिकार है। इसी अनुपात में हरियाणा को मुआवजा और हिंदी भाषी क्षेत्र मिलते हैं तो हरियाणा अपनी अलग राजधानी बनाने के लिए तैयार है। अपनी ही राजधानी में विधानसभा की जमीन के लिए केंद्र सरकार ने 10 एकड़ जमीन की 500 करोड़ रुपये की कीमत लगाई है। इससे स्पष्ट है कि सरकार चंडीगढ़ पर अधिकार को कमजोर कर रही है। इसके बाद उन्होंने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बलकार डाहौला के आवास पर भी एक कार्यक्रम में शिरकत की।
इस मौके पर उनके साथ विधायक सुभाष गांगोली, बलराम कटवाल, जगबीर ढिगाना, धर्मेंद्र ढुल भी मौजूद रहे।
सरकार की हठधर्मिता के चलते गई किसान की जान
खेदड़ में किसान की मौत पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शोक प्रकट करते हुए कहा कि सरकार की हठधर्मिता के चलते किसान को जान गंवानी पड़ी। सरकार को समझना होगा कि हठ और लठ के दम पर सरकार नहीं चल सकती। इसके लिए लोगों का दिल जीतना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि सरकार किसानों पर दर्ज सभी केस रद्द करे, मृतक किसान के परिवार को मुआवजा और नौकरी दे।
विज्ञापन

विधायक पद से इस्तीफा दें बिश्नोई
कुलदीप बिश्नोई के भाजपा में शामिल होने के बारे में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बिश्नोई खुद के बारे में फैसला लेने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन उन्हें ऐसा करने से पहले विधायक पद से इस्तीफा देना चाहिए। वह कांग्रेस के वोट लेकर विधायक बने हैं। अगर ऐसी सूरत में आदमपुर उपचुनाव होता है तो कांग्रेस उसके लिए पूरी तरह तैयार है। आदमपुर उपचुनाव का नतीजा भी बरोदा वाला ही होगा और कांग्रेस भारी मतों से जीत हासिल करेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें