डिपो होल्डर के खिलाफ डीसी को शिकायत देने पहुंची बिटानी गांव की महिलाएं।
- फोटो : bureau
डिपो होल्डर द्वारा राशन नहीं दिए जाने की शिकायत लेकर सोमवार को बिटानी गांव की महिलाएं डीसी विनय सिंह से मिलने पहुंची। महिलाओं ने डिपो होल्डर पर पिछले कई माह से पूरा अनाज नहीं देने का आरोप लगाया। डीसी को शिकायत देने पहुंची महिला कमलेश, सुनीता, संतोष, चंद्रो, रेखा, भतेरी, मीरा, ओमपति ने बताया कि गांव में डिपो होल्डर पहले किसी महिला के नाम था, जो अब उसने दूसरे व्यक्ति को दे दिया है। बात करने पर राशन न देने की धमकी देता है। साहब! ये डिपो होल्डर राशन वितरण में गड़बड़ी कर रहा है। गेहूं, दाल व चीनी का पूरा वितरण नहीं करता। वहीं रजाना कलां के ग्रामीण भी डिपो होल्डर के खिलाफ डीसी के पास शिकायत लेकर पहुंचे। ग्रामीणों की शिकायत पर डीसी विनय सिंह ने मौके पर ही डीएफएससी अशोक कुमार को पूरे मामले की जांच करने के आदेश दिए।
लगातार आ रही हैं शिकायतें
गौरतलब है कि राशन डिपो होल्डरों द्वारा पूरा राशन नहीं देने की शिकायतें लगातार डीसी दरबार में पहुंच रही हैं। इसी कड़ी लजवाना और मेहरड़ा गांव के राशन डिपो धारकों पर प्रशासन का डंडा भी चल चुका है। इसके बाद भी लगातार आ रही शिकायत में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं।