दिल्ली में अपनी सहेली से मिलने जा रही महिला को रोहतक बस स्टैंड के पास होटल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म करने के एक और आरोपी रामगढ़ गांव निवासी अजीत उर्फ जीतू को महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली महिला ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 जून को वह दिल्ली में अपनी सहेली से मिलने जा रही थी। रोहतक बस स्टैंड पर उतरने के बाद उसे लाखनमाजरा का मंगल, अमित और दीपक मिले। वह उसे बस स्टैंड के पीछे एक होटल में ले गए। वहां पर पहले से ही तीन लोग मौजूद थे। सभी ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर मंगल, अमित और दीपक को नामजद कर तीन अन्य के खिलाफ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया था। महिला थाना प्रभारी गीता देवी ने बताया कि रामगढ़ गांव निवासी अजीत उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। इस मामले में पहले तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।