पुलिस की गिरफ्त में एक करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोपी।
- फोटो : Jind
जींद। पहले फोन करके और फिर रास्ता रोककर पिस्तौल दिखा एक करोड़ की रंगदारी मांगने के आरोपी को सीआईए नरवाना ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
रशिंदा निवासी जसविंद्र सिंह ने 28 अक्तूबर को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके पास 19 अक्तूबर को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उसको धमकी देकर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद वह जब 26 अक्तूबर को अपनी पत्नी को लेकर दोपहर बाद गुरुद्वारा धमतान साहिब जा रहा था। तभी एक बाइक सवार युवक ने उसका रास्ता रोक लिया और उस पर पिस्तौल तानकर रगंदारी की रकम मांगी। इस मामले में गढ़ी थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। नरवाना सीआईए इंचार्ज राजेश कुमार ने बताया कि फोन कॉल के आधार पर रंगदारी मांगने वाले युवक की पहचान रशिंदा निवासी गुरविंद्र सिंह के रूप में हुई। जिसको रविवार देर रात को गिरफ्तार कर सोमवार को अदालत में पेश किया गया। जहां से आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।