रजिस्ट्रार डॉ. राजेश बसंल को ज्ञापन सौंपते अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य।
- फोटो : Jind
जींद। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की सीआरएसयू इकाई ने अध्यक्ष अमित खैरी एवं सचिव पवन रेढू की अध्यक्षता में पांच सूत्रीय मांग पत्र रजिस्ट्रार डॉ. राजेश बसंल को सौंपा। उन्होंने कहा कि सीआरएसयू (चौधरी रणबीर सिंह यूनिवर्सिटी) के अंतर्गत विभिन्न कॉलेजों में बैचलर ऑफ एजुकेशन में आवेदन करने की अंतिम तिथि मंगलवार को थी और बहुत सारे विद्यार्थी आवेदन नहीं कर पाए। इसलिए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाया जाए।
इसके अलावा उन्होंने मांग की है कि यूटीडी के अंतिम वर्ष एवं रिवैल्युएशन और रिचेकिंग वाले विद्यार्थियों का भी रिजल्ट जल्द से जल्द घोषित किया जाए। नगर मंत्री अजय आर्य एवं प्रांत कार्यकारिणी सदस्य परमिंदर ने कहा कि विश्वविद्यालय में कैंटीन और फोटोस्टेट की सुविधा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय से बाहर जाकर इन दोनों सुविधाओं का उपयोग करना पड़ता है। इससे समय और धन दोनों का दुरुपयोग होता है। इसलिए विश्वविद्यालय में कैंटीन और फोटोस्टेट की सुविधा प्रदान की जाए। विद्यार्थियों को बस स्टैंड से विश्वविद्यालय आने और जाने के लिए विश्वविद्यालय की बस की सुविधा भी शुरू की जाए और हरियाणा रोडवेज की जो बसें विश्वविद्यालय के सामने से गुजरती हैं, उनका भी स्टॉपेज विश्वविद्यालय के सामने किया जाए। रजिस्ट्रार डॉ. राजेश बंसल ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के हितों के संबंध में विद्यार्थी परिषद की इन मांगों को जल्द पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर सुनील, नवीन कटारिया, रविंद्र व गौरव पिंडारा भी मौजूद रहे।