शहर के बाजार में बिना मास्क के खरीदारी करने आए लोग। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। कोरोना संक्रमण के केस बढ़ते ही जा रहे हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को 710 लोगों की रिपोर्ट मिली। इनमें से 34 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इनमें स्वास्थ्य विभाग के पांच कर्मचारी शामिल हैं। इससे पहले भी पांच चिकित्सक संक्रमित हो चुके हैं। मंगलवार को कोरोना संक्रमण की दर 4.78 प्रतिशत रही। जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 200 हो गई। इनमें से एक व्यक्ति को नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने 683 लोगों के सैंपल लिए गए। अब तक स्वास्थ्य विभाग 418403 लोगों के सैंपल ले चुका है।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. पालेराम कटारिया ने बताया कि मंगलवार को नागरिक अस्पताल के दो लैब तकनीशियन, एक रजिस्ट्रेशन खिड़की पर बैठने वाला कर्मचारी, एक सैंपल ऑपरेटर तथा एक सिविल सर्जन कार्यालय के कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को घर पर क्वारंटीन कर दिया गया है। अन्य संक्रमितों में एक 22 वर्षीय युवती, पुलिस कॉलोनी निवासी 18 वर्षीय युवक, मॉडल टाउन नरवाना निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, गांव झील निवासी 25 वर्षीय युवक, बाबा कुंडी नरवाना निवासी 35 वर्षीय महिला, हनुमान नगर निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला, गांव सुरबरा निवासी 30 वर्षीय युवक, बीरबल नगर नरवाना निवासी 20 वर्षीय युवती, नरवाना निवासी 72 वर्षीय महिला, जींद निवासी 55 वर्षीय महिला, 17 वर्षीय युवती, सफीदों निवासी 29 वर्षीय युवक भी शामिल हैं। अब तक जिले के 21434 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से अब तक 20698 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं अब तक 536 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। जिले में इस समय 200 एक्टिव केस हैं।