अमर उजाला ब्यूरो
जींद। शिव कॉलोनी में दोपहर लगभग 12 बजे महिला ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पति जब घर पहुंचा तो महिला को फंदे पर झूलते देखा। उसने पड़ोसियों की मदद से महिला को फंदे से उतारकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार राजकुमार की पत्नी 35 वर्षीय इंद्रावती दोपहर को घर पर अकेली थी। उसने अचानक घर में फंदा लगा लिया। जिस समय इंद्रावती ने फंदा लगाई, उस समय उसका पति नगरपरिषद में किसी कार्य से गया हुआ था और बच्चे स्कूल गए थे। राजकुमार जिला परिवहन अधिकारी की गाड़ी का चालक है। राजकुमार ने बताया कि जब वह घर पहुंचा तो उसकी पत्नी फंदे पर झूल रही थी। उसने पड़ोसियों को बुलाकर और इंद्रावती को फंदे से उतारकर तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजकुमार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नागरिक अस्पताल में रखे शव का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस राजकुमार के घर पहुंची और वहां का जायजा लिया। जब पुलिस ने राजकुमार से पूछा कि फंदा लगाने के पीछे क्या कारण रहे। इस बारे में राजकुमार ने कहा कि सब कुछ ठीक-ठाक था। फंदा लगाने का ऐसा कोई कारण सामने नहीं आ रहा। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतका के शव का सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।