झज्जर। क्षेत्र के बारिश के पानी की निकासी के लिए बनाई गई ड्रेन नंबर 8 इन दिनों किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। ड्रेन के आसपास लगते दर्जनों गांव के किसानों की जमीन में ओवर फ्लो होने से पानी भरा हुआ है। इस कारण किसानों की कई एकड़ फसलें खराब हो चुकी हैं।
सिंचाई विभाग के आंकड़ों के मुताबिक भिंडावास झील तक ड्रेन के पानी की क्षमता 1537 क्यूसिक और भिंडावास झील से आगे ढांसा बॉर्डर तक इसकी क्षमता करीब 4200 क्यूसिक पानी निकासी की है, लेकिन इस बार बारिश का पानी अधिक आने की वजह से किसानों के खेतों में पानी भर गया है।
वहीं सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुरहेती गांव के आसपास के कुछ गांव के किसानों ने ड्रेन में पानी निकासी के लिए उसको तोड़ने का प्रयास किया था। इस कारण पानी अधिक आने से खेतों में पानी भर गया है। फिलहाल पानी की निकासी का कार्य निरंतर जारी है। क्षेत्र के गांव सिलाना, सिलानी, याकुबपुर, कासनी, सौंधी, निमाना, सूरहा, कलोई आदि गांवों के खेतों में ड्रेन का पानी भरने से किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। बादली के विधायक ने भी इस मामले को विधानसभा में भी उठाया था।
विधायक का कहना
विधानसभा में भी इस मामले को उठाया गया था। ड्रेन के आसपास के दर्जनों गांवों के खेतों में किसानों की फसलें खराब हो रही हैं। सरकार व प्रशासन की तरफ से समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। - कुलदीप वत्स, विधायक, बादली।
अधिकारी बोले
इस बार ड्रेन में पीछे से बारिश का पानी अधिक आ गया था लेकिन पिछली बार से इस बार हालात ठीक रहे हैं। पानी की निकासी निरंतर चल रही है। - सतीश कुमार जनावा, एसई, सिंचाई विभाग, झज्जर।