बहादुरगढ़। सीआईए-1 पुलिस की एक टीम ने दो आरोपियों को अवैध शराब से भरे एक ट्रक के साथ काबू किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें तीन दिन की रिमांड पर पुलिस को सौंपा गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
सीआईए वन बहादुरगढ़ प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों (एक ट्रक चालक व उसके सहयोगी) को अवैध शराब से भरे एक ट्रक के साथ काबू किया गया। आरोपियों के खिलाफ थाना सदर बहादुरगढ़ में मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि जिले में नशीले पदार्थों के अवैध धंधे की रोकथाम के संबंध में एसपी वसीम अकरम ने निर्देश दिए थे। आरोपियों द्वारा ट्रक में अलग-अलग मार्का की शराब की 1415 पेटी गुरुग्राम की तरफ ले जाई जा रही थी। सीआईए वन बहादुरगढ़ में तैनात सहायक उप निरीक्षक पुनीत कुमार व रवि कुमार की पुलिस टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव सिलौटी से बादली रोड के एरिया से काबू किया गया। शराब के संबंध में बिल को चेक किया गया तो दर्शाई गई मात्रा से अधिक पेटियां मिलीं। जिसके संबंध में आरोपी कोई लाइसेंस अथवा परमिट नहीं दिखा पाए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि निवासी शेखपुरा व प्यारे लाल निवासी सिसवाल जिला हिसार के तौर पर की गई। दोनों को बहादुरगढ़ अदालत में पेश किया गया।