संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। आग से गंभीर रूप से झुलसे बहादुरगढ़ निवासी सुमित ने दिल्ली के एक अस्पताल में रविवार की सुबह दम तोड़ दिया। सुमित की मौत से उसके परिजन आहत हैं। सुमित की मौत के लिए कलह को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। परिजनों के बयान के बाद पुलिस इस संबंध में केस दर्ज और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करेगी।
मृतक की पहचान करीब 38 वर्षीय सुमित के रूप में हुई है। सुमित पटेल नगर का निवासी था। एचएसआईआईडीसी स्थित एक कंपनी में काम करता था। शनिवार की दोपहर को वह आग से झुलस गया था। उसे बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया था। शरीर लगभग 90 प्रतिशत तक झुलस चुका था। हालत नाजुक थी। उसे दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां रविवार की सुबह ईलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर सेक्टर-6 थाने से पुलिस दिल्ली गई और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि शनिवार को पत्नी के साथ सुमित का झगड़ा हो गया था। इसी कलह से आहत होकर उसने खुद को आग के हवाले कर दिया। मामले की असल सच्चाई जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ पाएगी। फिलहाल पुलिस सुमित के परिजनों से पूछताछ कर रही है। परिजनों के बयान के बाद ही पोस्टमार्टम और केस दर्ज की कार्रवाई शुरू हो सकेगी।