बहादुरगढ़। गांव जाखोदा में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला। युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है। परिजनों के बयान के बाद शव का पोस्टमार्टम और मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पहचान करीब 30 वर्षीय अमित के रूप में हुई है। अमित गांव जाखोदा का निवासी था। शनिवार की सुबह मकान में उसका शव फंदे पर लटका देखा गया। परिजनों की नजर पड़ी तो उन्होंने संभाला, लेकिन सांस थम चुकी थी। सूचना मिलते ही आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोपहर बाद शव को नागरिक अस्पताल में रखवा दिया गया। अमित विवाहित था, एक बच्चे का पिता था। प्रारंभिक तौर पर अमित द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आ रही है, लेकिन पुलिस को परिजनों के बयान का इंतजार है। मामले में कार्रवाई कर रहे पुलिसकर्मी कुलदीप सिंह ने बताया कि जाखोदा में एक युवक द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को अस्पताल में रखवा दिया है। परिजनों के बयान के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।