नाला बनाने का काम शुरू, टीकरी बार्डर पर नहीं होगा जलभराव
बार्डर से सेक्टर-9 मोड़ तक बनेगा नाला, दिल्ली सरकार उठाएगी खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। टीकरी बार्डर पर वर्षों से चली आ रही जलजभराव की समस्या जल्द दूर होगी। बरसाती पानी और बाबा हरीदास नगर के घरों व बाजार के पानी की निकासी के लिए लगभग 6000 फुट लंबा नाला बनाने का काम मंगलवार को शुरू हो गया। पहले दिन सेक्टर-9 मोड़ के सामने पुराने नाले को तोड़ने का काम शुरू हो गया। नए नाले का खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी और हरियाणा सरकार का सिंचाई विभाग इसको बनवाएगा। इसके निर्माण पर करीब चार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
दरअसल, बाबा हरीदास नगर की कुछ गलियों के घरों और दुकानों के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। यह पानी टीकरी बार्डर मेट्रो स्टेशन के कुछ पहले से बार्डर की तरफ स्टेशन के बाद तक की सड़क पर जमा हो जाता है। आगे निकासी का इंतजाम नहीं है। बारिश आती है तो दिल्ली रोहतक-रोड पर टीकरी बार्डर टोल बैरियर से टीकरी बार्डर मेट्रो स्टेशन के कुछ बाद तक दो फुट तक पानी जमा हो जाता है। इससे सड़क हमेशा क्षतिग्रस्त रहती है। सड़क पर तमाम छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हादसे भी होते हैं। जलनिकासी न होने से अधिक गंदगी रहती है।
यहां से हरियाणा के सात जिलों के अलावा पंजाब व राजस्थान के कई जिलों के लोगों का दिल्ली जाना-आना रहता है, लेकिन बार्डर पर बदहाली से राहगीर बहुत परेशान होते हैं। कुछ दिन पहले दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग ने टूटी सड़क का पुनर्निर्माण किया था, लेकिन पानी से सड़क फिर टूट गई। लोगों ने नियमित जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कई बार की। दिल्ली और हरियाणा के अधिकारियों ने नाला बनाने की योजना तो पहले ही बना ली थी, लेकिन एक साल से अधिक समय तक किसान आंदोलन की वजह से यह काम आरंभ नहीं हो सका। अब नाला बनेगा तो उम्मीद है बार्डर पर जलजमाव की समस्या खत्म हो जाएगी।
दिल्ली की ही सीमा में ठहरने वाले इस पानी की निकासी तकनीकी कारणों से दिल्ली की तरफ हो नहीं सकती। इसलिए दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने हरियाणा सरकार के अधिकारियों से मिलकर समाधान निकाला है। जहां पानी ठहरता है वहां से सेक्टर-9 मोड़ तक सड़क के एक ओर नाला बनाया जाएगा। इससे दिल्ली का पानी मुंगेशपुर ड्रेन में छोड़ा जाएगा। नाला बनाने का करीब चार करोड़ रुपये खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी। निर्माण कार्य हरियाणा सरकार का सिंचाई विभाग करेगा। यह राशि विभाग को मिल गई गई है।
...........वर्जन
टीकरी बार्डर से सेक्टर-9 मोड़ कर नाला बनाने के लिए दिल्ली सरकार ने हरियाणा के सिंचाई विभाग को पैसा दिया है। नाले की गहराई आवश्यकता के अनुसार तीन फुट से साढ़े छह फुट तक रखी जाएगी। टेंडर लगा दिया गया है। निर्माण कार्य जल्दी निपटाने की कोशिश की जाएगी। -देवेंद्र सिंह, उपमंडल अधिकारी, सिंचाई विभाग, बहादुरगढ़