झज्जर। उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ से कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन के लिए एक बार फिर से तिथि बढ़ा दी है। अब 6 सितंबर तक विद्यार्थी कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन कर सकेंगे। विभाग की तरफ से दूसरी बार तिथि बढ़ाई गई है। इससे पहले 26 अगस्त अंतिम तिथि निर्धारित की गई थी। उसके बाद तिथि बढ़ाकर 2 सितंबर कर दी थी, लेकिन वीरवार की शाम को एक बार फिर से चार दिन का समय विद्यार्थियों को और दिया गया है।
झज्जर के नेहरू कॉलेज में बीए, बीएससी मेडिकल व नॉन मेडिकल के लिए सीटों से अधिक आवेदन आए हैं। बाकी कोर्सों के लिए आवेदन सीटों से कम रहे हैं। राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय, झज्जर में स्नातक कक्षाओं की 1180 सीटों के लिए शाम तक 1942 आवेदन किए गए हैं। इनमें से बीए की 480 सीटों के लिए 1219, बीकॉम की 160 सीटों के लिए 121, बीएससी नॉन मेडिकल की 300 सीटों के लिए 302, बीएससी मेडिकल की 80 सीटों के लिए 94, बीबीए की 80 सीटों के लिए 67 व बीसीए की 80 सीटों के लिए 139 आवेदन किए गए हैं। विद्यार्थी ने अपने फॉर्म में जिस कॉलेज की पहली वरीयता भरी है, उसके फॉर्म की जांच उसी कॉलेज में होगी। यदि किसी विद्यार्थी के दस्तावेज में कोई कमी पाई गई तो उसके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर संदेश भेज दिया जाएगा। विद्यार्थी को निर्धारित समय सीमा के अंदर उस कमी को दूर करके अपना दस्तावेज दोबारा पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
वर्जन
उच्चतर शिक्षा विभाग की तरफ ऑनलाइन आवेदन के लिए अंतिम तिथि को बढ़ा दिया है। अब आगे का शेड्यूल शुक्रवार को जारी किया जाएगा।
- डॉ. अमित भारद्वाज, मीडिया प्रभारी, नेहरू कॉलेज, झज्जर।