रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं व 15 साल तक के बच्चों को मुफ्त यात्रा कराने के लिए परिवहन विभाग की तरफ से कमतर कर ली है। सवारियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई हैं। जबकि रोडवेज की तरफ से कर्मचारियों के अवकाश भी रद्द कर दिए गए हैं। फिलहाल 106 बसें झज्जर डिपो से चल रही हैं। इसके अलावा करीब 5 से 6 बसों को मरम्मत करके अतिरिक्त रखा गया है। अतिरिक्त बसों को जिस रूट पर सवारियां ज्यादा होंगी, तुरंत प्रभाव से वहां भेजी जाएंगी। शनिवार दोपहर 12:00 बजे के बाद यह सुविधा महिलाओं के लिए शुरू हो जाएगी।
चंडीगढ़ भेजी जाएंगी पांच अतिरिक्त बसें
विभाग के अधिकारियों का दावा है कि जिले से चंडीगढ़ के लिए 15 बसें चलाई जा रही हैं। वहीं, रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए 20 गाड़ियां चंडीगढ़ रूट के लिए चलाई जाएगी। सभी बसों की सर्विस, मरम्मत और टायर चेक कर लिए गए हैं। किसी भी तरह की कोई दिक्कत विभाग की गाड़ियों में नहीं है। रक्षाबंधन पर ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में रोडवेज बसों के फेरे लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को कोई परेशानी का सामना ना करना पड़े। झज्जर से गंगानगर, अलवर, जयपुर के लिए बसें जाती हैं वह बसें जैसे पहले चलती थी वैसे ही चलती रहेंगी।
रक्षाबंधन के पर्व पर निर्धारित अवधि के दौरान सरकारी या प्राईवेट बसों में महिलाओं व 15 साल तक के बच्चों का किराया नहीं लिया जाएगा। अगर किसी प्राइवेट बस के परिचालक द्वारा किराया लेने की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- रविंद्र पाठक, जीएम, रोडवेज, झज्जर।
हरियाणा सरकार ने 21 अगस्त दोपहर 12 बजे से 22 अगस्त मध्यरात्रि तक रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में महिलाओं व 15 वर्ष तक की आयु के बच्चों को हरियाणा राज्य परिवहन की सामान्य श्रेणी की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी है। राज्य परिवहन की बसों में कोरोना महामारी को देखते हुए कोरोना वैक्सीनेशन अनिवार्य है। बसों में 50 प्रतिशत सीटें ही भरी जाएंगी।
- श्याम लाल पूनिया, डीसी, झज्जर।