बेरी। दुजाना थाना के अंतर्गत आने वाले गांव गिरावड़ में धर्मकांटे पर बैठे युवकों से बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने कनपटी पर पिस्तौल तानकर 2 लाख 4 हजार रुपये लूट लिए। वहीं उनके मोबाइल फोन भी तोड़ दिए और बाइक व कार की चाबी भी छीन ले गए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार बदमाश मौके से फरार हो गए।
संजीत ने राहगीरों की मदद से लूट की सूचना कंट्रोल रूम में दी। सूचना मिलने के बाद दुजाना थाना प्रभारी शेर सिंह ने टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने चारों तरफ नाकाबंदी भी कराई, लेकिन बाइक सवार बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव सुर्खपुर निवासी संजीत अपने गांव के सुखबीर के साथ गांव गिरावड़ में स्थित श्री श्याम धर्मकांटा पर कमरे में बैठा था। धर्मकांटे पर उत्तर प्रदेश के जिला उन्नाव का रहने वाला मोनू भी था। धर्मकांटे के अंदर बैठे तीनों युवक आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश अंदर आए और एक नकाबपोश बदमाश ने पिस्तौल तान दी। तीनों के मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिए। मोबाइल तोड़ने के बाद संजीत की जेब से 1 लाख 25 हजार रुपये, सुखबीर से 75 हजार रुपये व मोनू के गल्ले से 4 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश संजीत की बाइक की चाबी व सुखबीर की कार की चाबी को लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना को अंजाम देने से पहले तोड़े मोबाइल फोन
बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने घटना को अंजाम देने से पहले तीनों लोगों के मोबाइल फोन तोड़ दिए और कार व बाइक की चाबी छीन ली। ताकि वे किसी को सूचना भी न दे सकें।
वर्जन
गांव गिरावड़ में श्री श्याम धर्मकांटे पर बैठे युवकों से कनपटी पर पिस्तौल तान कर लूट की सूचना मिली थी। बदमाशों ने 2 लाख 4 हजार रुपये की लूट की है। संजीत की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- शेर सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, दुजाना।