झज्जर। कोरोना संक्रमण से बुधवार को एक और मरीज की मौत हो गई है। इससे मृतकों की संख्या बढ़कर 347 हो गई है। जिले में तीन दिन से कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। बुधवार को 45 मरीज स्वस्थ हो गए। वहीं 54 कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें से 19 मरीजों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। जबकि 44 पीड़ितों को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होम आइसोलेशन में रखा गया है।
सिविल सर्जन डॉ. संजय दहिया का कहना है कि इस समय कोरोना के मरीज पहले से कम अवश्य हुए हैं, लेकिन कोरोना का खतरा बरकरार है। जिले के करीब 833 लोगों के नमूनों की रिपोर्ट बुधवार को आई। इनमें से 54 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बुधवार को 926 लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अब तक जिले में 787961 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। 761383 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। कोरोना की दूसरी लहर तक जिले में 347 संक्रमितों को मौत हुई थी। जिले में 20 दिसंबर 2021 के बाद कोरोना संक्रमण के कारण 11 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इस बार कोरोना के संक्रमितों के ठीक होने में चार से पांच दिन का समय लग रहा है। उपायुक्त शक्ति सिंह ने नागरिकों से कोरोना अनुरूप व्यवहार करने की सलाह दी है। कहा है कि सभी पाबंदियां हटा ली गई हैं। जिले में वैक्सीनेशन का काम भी तेजी से चल रहा है। फिर भी सावधानी बरतने की जरूरत है। अभी तक जिले में करीब 8 लाख 50 हजार पहली और तकरीब छह लाख 50 हजार लोगों को दूसरी डोज लगाई जा चुकी है।