बहादुरगढ़। नई बस्ती की लालचंद कॉलोनी वाले भाग में सीवर व्यवस्था बदहाल है। यहां कई गलियों में सीवर लाइन बाधित रहने के कारण गलियों में गंदा पानी फैला रहता है। सीवर के मैनहोल से पानी बाहर आने से घरों में भी दुर्गंध जाती है। कॉलोनी की कई गलियों में नालियों पर पुलिया टूटी हुई हैं, जिससे आने-जाने वालों को परेशानी होती है। यहां के कई निवासी संबंधित पोर्टल पर ऑनलाइन और जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय के रजिस्टर में शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, पर समाधान नहीं हुआ है।
लालचंद कॉलोनी में नालियों पर कई जगह स्लैब नहीं थे, तो स्थानीय निवासियों ने कुछ स्लैब लाकर लगा दिए। कुछ हिस्सा अभी भी खाली ही है। जिस वजह से गलियों के नुक्कड़ों से चौपहिया वाहन नहीं निकल पाते। जो चालक किसी तरह निकाल लेते हैं वे वाहन क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। लालचंद कॉलोनीवासी संदीप, राकेश, सतपाल शर्मा, ललित शर्मा, ललित अग्रवाल, फूलवती, पूनम व शीला ने कहा कि उनके आसपास कई जगह सीवर लाइन बाधित है। बारिश के दौरान तो सीवर बैक मारते हैं, जिससे गंदा पानी घरों में घुस जाता जाता है।
संदीप ने बताया कि वह इन समस्याओं से जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई और एसडीओ को अवगत करा चुके हैं। ऑनलाइन शिकायत भी दो बार दर्ज कराई। मगर अधिकारी गंभीर नहीं दिखाई दे रहे। सीवरेज की ऑनलाइन शिकायत 31 जुलाई को की थी मगर 10 दिन बीतने के बाद भी किसी ने कोई सुध नहीं ली है।
नई बस्ती लालचंद कॉलोनी की सीवरेज समस्या उनके संज्ञान में नहीं है। यदि किसी ने ऑनलाइन या फिर विभाग में आकर शिकायत की है तो उसकी जांच करवाकर जल्द समाधान करवा दिया जाएगा।
- संदीप दुहन, एसडीई, पीएचईडी
-फोटो 2 : लालचंद कॉलोनी एरिया में एक टूटी पुलिया।