साल्हावास। क्षेत्र के गांव बिरोहड में सड़क बनवाने के लिए चल रहे धरने पर झज्जर विधायक गीता भुक्कल पहुंची और उन्होंने सिर्फ एक शर्त पर धरने का पूरा समर्थन किया कि धरने में ना तो किसी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी हो न ही किसी के साथ गलत व्यवहार किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों के सभी सवालों के जवाब दिए। दस्तावेज दिखाते हुए उन्होंने कहा कि वे कई बार विधानसभा में इस सड़क का मुद्दा उठा चुकीं हैं।
विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि आने वाले विधानसभा सत्र में एक बार फिर से सासरौली-बिरोहड सड़क के मुद्दे को उठाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि आप विधानसभा सत्र में इस मुद्दे की गूंज फिर से सुनेंगे। ग्रामीणों को टूटी सड़क के फोटो व विधानसभा सत्र में उठाए गए सवाल व सरकार द्वारा दिए गए जवाब की प्रतिलिपियां दिखाते हुए कहा कि हम विपक्ष में जरूर हैं, लेकिन डरने वाले नहीं है। वह खोरडा गांव की सड़क, बहू गांव की सड़क के अलावा पार्कों का मुद्दा, मातनहेल-कोसली सड़क, छुछकवास-बहु सड़क सहित खानपुर-झाडली सड़क पर हुए लगभग 70 दुर्घटनाओं के मुद्दे के अलावा मातनहेल सैनिक स्कूल का मुद्दा भी चार बार विधानसभा में उठा चुकी हैं। आगामी विधानसभा सत्र में बिरोहड सड़क का मुद्दा एक बार फिर से उठाएंगी। पिछले विधानसभा सत्र में सरकार ने उन्हें जवाब में बताया था कि आपको 25 करोड़ रुपये दे दिए हैं तो विधायक गीता भुक्कल ने जवाब में विधानसभा में बताया कि 25 करोड़ की प्राथमिक लिस्ट उन्होंने सौंप दी है। उनके टेंडर अलाॅट हो चुके हैं, फिर भी काम शुरू नहीं हो रहें हैं।
लापरवाही करने वाले अधिकारियों को सस्पेंड कराने का दिया आश्वासन
धरना प्रदर्शन पर विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी सड़क पर काम शुरू नहीं किया गया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन देते हुए कहा कि लापरवाही करने वाले अधिकारियों को सस्पेंड करवाने का काम करेंगे।