टीकरी बॉर्डर के साथ सटे आधुनिक औद्योगिक क्षेत्र के भाग-1 स्थित फैक्टरी में काम करते वक्त एक कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर एमआइई चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसके वारिसों को सूचना दी।
बिहार के जिला सारण के गांव कलाम का अदालत राम फिलहाल लाइनपार के छोटूराम नगर में रहता था। सोमवार को वह एमआइई पार्ट-1 स्थित एक फैक्टरी में ड्रिलिंग का कार्य कर रहा था। इसी दौरान उसे करंट का जोरदार झटका लगा। उसके साथ कार्य करने वाले कामगार उसे तुरंत इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डाक्टर ने जांच करके मृत घोषित कर दिया। अदालत राम दो बेटियों का पिता था। वह अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रहता था और दोनों बेटियां गांव में ही रहती हैं। अदालत राम दो भाईयों में बड़ा था। उसकी मौत से परिवार के लोग सकते में हैं। इस संबंध में एमआइई चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सत्यनारायण ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। गांव से उनके परिजनों के आने और उनके बयान दर्ज होने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।