तलाव गांव में जहर खाने से दंपती व दो बच्चों का मंगलवार की शाम को अंतिम संस्कार हुआ ही था कि कुछ देर बाद जहर से एक और युवक के अचेत होने का मामला सामने आ गया। गंभीर हालत में युवक को झज्जर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल युवक की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
प्राथमिक जांच में युवक को खेत में स्प्रे की दवा का असर होना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि मामले में सच्चाई क्या है, इसका खुलासा पुलिस में बयान दर्ज होने के बाद ही हो पाएगा।
पुलिस के अनुसार तलाव गांव निवासी साहिल पुत्र सतीश मंगलवार को अपने खेत में गया था। जहां फसल में स्प्रे करते समय दवा का असर होने से वह अचेत हो गया। इसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने मामले की जानकारी सदर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
युवक के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। उसकी हालत में पहले से सुधार है। बयान दर्ज होने के बाद ही असल कारणों का पता चल पाएगा। प्राथमिक जानकारी के अनुसार स्प्रे करते समय दवा का असर होने से युवक के अचेत होने का मामला बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।
- सुनील कुमार, जांच अधिकारी, सदर पुलिस थाना, झज्जर।