बेरी उपमंडल में गांव बिसाहन और बेरी दोपाना के खेतों में पहुंचकर उपायुक्त श्याम लाल पूनिया ने राजस्व विभाग की ओर से की गई फसल की गिरदावरी की जांच की। उपायुक्त ने गिरदावरी रिकार्ड का खेतों में खड़ी फसलों के साथ मुआयना करते हुए मिलान किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने बेरी दोपाना क्षेत्र के खेतों का निरीक्षण करते हुए कहा कि गिरदावरी की पूरी तरह से सही तरीके हो, इसके लिए वे स्वयं खेतों में पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग के अधिकारियों से कहा कि गिरदावरी महत्वपूर्ण कार्य है इसलिए यह कार्य शत-प्रतिशत ठीक होना चाहिए। जहां भी अभी आंकड़े एकत्रित नहीं हुए हैं, वहां खेतों की वास्तविक स्थिति अनुसार ही रिपोर्ट दी जाए। उन्होंने राजस्व विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जो खेत अब तक किसी भी रूप से खाली दिखाए गए हैं उनका खाली होने का कारण भी रिकार्ड में दर्ज किया जाए ताकि किसानों को किसी भी प्रकार से आर्थिक हानि न हो। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसलों का पोर्टल पर 31 अगस्त तक पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर फसल पंजीकरण करवाना आवश्यक है। इस अवसर पर डीआरओ बस्तीराम, नायब तहसीलदार लच्छीराम व कृषि विभाग के एसडीओ जगजीत सांगवान व सिंचाई विभाग के एसडीओ सत्यप्रकाश अहलावत सहित अन्य संबंधित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।