दुलीना जेल में लूट व जानलेवा हमला करने के चार मुकदमों के आरोपी बंदी को कपड़े देने आए एक युवक को दो ग्राम स्मैक सहित काबू किया गया है। जेल पुलिस कर्मियों युवक को दुलीना चौकी पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने जेल उपाधीक्षक जंगशेर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में कहा गया है कि राहुल पुत्र नरेश निवासी धौड़ मंगलवार को बंदी राहुल पुत्र जयवीर निवासी धौड़ के कपड़े देने के लिए जेल के मुलाकात कक्ष में आया था। मुलाकात कक्ष में ड्यूटी पर तैनात हेड वार्डर राजीव ने जब कपड़ों की तलाशी ली तो नीले रंग की पाजामी के अंदर क्रीम व हल्के पीले रंग का पाउडर बरामद हुआ। शातिर ने पाजामी के रबड़ के अंदर स्मैक डालकर ऊपर से सिलाई की हुई थी।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
- राकेश कुमार, चौकी प्रभारी, दुलीना।