बहराना गांव में रंजिश के चलते शराब ठेकेदार प्रवीण की हत्या करने वाले कार सवार हमलावरों ने सात गोलियां दागी थीं। सभी सातों गोलियां प्रवीण के सिर, छाती व हाथ पर लगी। ये खुलासा सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। वहीं, मृतक के परिजनों द्वारा शव को लेकर डीघल टोल प्लाजा पर जाम लगाने की अफवाह से पुलिस दौड़ती रही। हालांकि दोपहर बाद अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
सोमवार को बहराना गांव में शराब ठेकेदार प्रवीन का अंतिम संस्कार किया गया। इस बीच किसी ने अफवाह फैला दी कि डीघल टोल पर शव को लेकर जाम लगाया जाएगा। इस सूचना पर दुजाना थाना प्रभारी बहराना गांव पहुंचे। जहां पर ग्रामीणों व परिजनों से बातचीत की। परिजनों ने जब ऐसा कुछ भी करने से इंकार किया तो पुलिस ने राहत की सांस ली। वहीं, हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम ने तीन स्थानों पर दबिश दी, लेकिन पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली।
ये था मामला
बरहाना गांव निवासी शराब के ठेकेदार प्रवीन को उसके गांव के ही पूर्व सरपंच व अन्य लोगों ने मिलकर गोलियां मार दी थी। जब उसे रोहतक के निजी अस्पताल में ले जाया जा रहा था तो रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया था। सोमवार को प्रवीन का रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम हुआ तो एक्सरे की रिपोर्ट में प्रवीन को शरीर के अलग-अलग हिस्सों में करीब 7 गोलियां लगी हुई थी। जिसमें सिर, छाती में दोनों तरफ, हाथ पर गोली लगी हुई थी।
ठेकेदार प्रवीन के शव का सोमवार को रोहतक पीजीआई में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- शेर सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, दुजाना।