जिला बार एसोसिएशन के प्रधान के खिलाफ दर्ज किए गए मामले से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने मंगलवार को काम छोड़ कर हड़ताल शुरू कर दी है। इस दौरान सभी अधिवक्ता अपने चैंबर में बैठने की बजाए हॉल कमरे में बैठे रहे और अदालत की किसी भी कार्रवाई में भाग नहीं लिया। इतना ही नहीं प्रदेश की 17 बार एसोसिएशन के वकीलों ने उनके समर्थन में वर्क सस्पेंड रखते हुए हड़ताल की है।
हड़ताल पर बैठे वकीलों की मांग है कि झज्जर के डीएसपी नरेश कुमार का तबादले किया जाए, शहर पुलिस थाना प्रभारी नरसिंह व शिकायतकर्ता महिला चिकित्सक निशा डाबर को निलंबित कर यहां से तबादला किया जाए। वकीलों का कहना था कि जब तक उनकी मांग को पूरा नहीं किया जाता तब तक वह किसी भी सूरत में हड़ताल खत्म नहीं करेंगे। अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण दिनभर काम काज प्रभावित रहा। लोग अपने काम काज के लिए इधर-उधर भटकते रहे।
जिला बार एसोसिएशन के सचिव विनित बेनिवाल का कहना है कि बार प्रधान अजित सोलंकी पर बिना किसी मेडिकल रिपोर्ट पर व बिना किसी अन्य आरोप के नशे का मनघड़ंत आरोप लगाते हुए सार्वजनिक तौर पर जिला बार एसोसिएशन झज्जर के प्रधान की मानहानि की है, जिसकी निंदा की गई। बार ने फैसला लिया की एसएचओ पुलिस थाना शहर झज्जर को कानूनी नोटिस दिया जाए व बुधवार तक प्रस्ताव के अनुसार थाना सिटी झज्जर व डॉ. निशा डाबर नागरिक अस्पताल झज्जर और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए दी गई दरखास्त पर सुबह 10 बजे तक केस दर्ज नहीं होता है तो बार का एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक झज्जर से मिलेगा, जबकि हड़ताल जारी रहेगी। इसके अलावा फैसला लिया कि अगर बार की समस्या का निदान नहीं होता है तो हरियाणा की सभी बार एसोसिएशन का सहयोग लिया जाएगा और टेंट लगाकर धरना दिया जाएगा व हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए जारी रहेगी।
यहां-यहां रही हड़ताल
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान अजीत सिंह सोलंकी के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामले को लेकर प्रदेश की 17 बार एसोसिएशन ने हड़ताल रखी। प्रधान अजीत सिंह सोलंकी ने बताया कि रोहतक, सोनीपत, भिवानी, चरखी दादरी, लोहारू, महम, गन्नौर, खरखौदा, नूंह, फरीदाबाद, होडल, हथिन, झज्जर, बहादुरगढ़, हांसी, यमुनानगर, फतेहाबाद बार एसोसिएशन ने हड़ताल रखी है। उनका कहना है कि बुधवार को सुबह दस बजे तक कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में हड़ताल शुरू होने की संभावना है। इसके अलावा भी कई बार एसोसिएशन के भी उनके समर्थन में संदेश आए हैं।
इस मामले में कानूूनी सलाह लेकर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- नरसिंह, एसएचओ, शहर पुलिस थाना, झज्जर।