जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से आजादी के अमृत महोत्सव के तहत लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति शिक्षित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। डेढ़ महीने तक चलने वाले इस अभियान में गरीब और कमजोर वर्गों को मुफ्त और सक्षम कानूनी सेवाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की सचिव अंकिता शर्मा ने बताया कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष राजन गुप्ता के निर्देशानुसार व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झज्जर के सहयोग से जिलावासियों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने व कार्यक्रमों को चलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि ऊपरोक्त अभियान के उद्देश्य की पूर्ति के लिए झज्जर जिला के ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को उनके लिए बनाए गए सभी विधानों और लाभकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समिति ने 2 अक्तूबर से 14 नवंबर तक भव्य महोत्सव मनाने और 8 से 14 नवंबर तक एक कानूनी सेवा सप्ताह, अखिल भारतीय जागरूकता और आउटरीच अभियान शुरू करने के लिए विधि विभाग और नालसा के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
इस अवसर पर अंकिता शर्मा ने जिला के सीएसआर ग्रुप, एनजीओ व वालंटियर्स से सहयोग के लिए आह्वान करते हुए कहा कि इच्छुक संस्था या नागरिक अभियान से जुड़ने के लिए इन फोन नंबरों 01251-252013 पर संपर्क कर सकते है।