प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने भाला फेंक प्रतियोगिता में ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा और कुश्ती के 65 किलोभार वर्ग में कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया की शानदार जीत पर बधाई दी है।
धनखड़ ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने ओलंपिक खेलों में पदक जीतकर सभी देशवासियों को गौरवान्वित किया है। हमें नीरज चौपड़ा और बजरंग पूनिया पर नाज है। धनखड़ ने गोल्ड मेडल विजेता खिलाड़ी नीरज चोपड़ा के पिता सतीश कुमार को फोन कर बधाई देते हुए कहा कि आप धन्य हैैं, आपके बेटे ने टोक्यो में गोल्ड जीतकर पूरे देश को आनंद से सराबोर कर दिया है। धनखड़ ने कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पूनिया के पिता बलवान पूनिया को टेलीफोन कर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बजरंग पूनिया की गौरवशाली उपलब्धि पर बादली विधानसभा, झज्जर, हरियाणा और देश को गर्व है। धनखड़ ने कहा कि बजरंग की विजय युवा पहलवानों को प्रेरित करेगी।
सांसद शर्मा ने दी बधाई
नीरज चोपड़ा और बजरंग पूनिया की जीत पर रोहतक से लोकसभा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह प्रदेश एवं देश के लिए हर्ष का विषय है। यह अपने आप में ऐतिहासिक पल है जब इतने वर्ष के पश्चात हरियाणा के बेटों ने अपनी कठिन मेहनत और परिश्रम के बल पर देश के लिए यह कारनामा कर दिखाया। उन्होंने नीरज चोपड़ा व पहलवान बजरंग पूनिया को बधाई दी।