गांव नूना माजरा के पूर्व सरपंच सुरेंद्र उर्फ गुल्लर की शुक्रवार शाम गांव के निकट बदमाशों ने गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी। हमलावरों ने 35 से अधिक फायर किए और फरार हो गए। सिर, छाती व शरीर के कई दूसरे अंगों में गोली लगने से गुल्लर की मौके पर ही मौत हो गई।
नूना माजरा के पूर्व सरपंच गुल्लर (45) शुक्रवार की शाम को नूना माजरा व डाबोदा के बीच झज्जर रोड स्थित अपने मोटर-व्हीकल सर्विस स्टेशन श्रीबालाजी विश्कर्मा गैराज के अंदर बैठे थे। वह यहां हुक्का पीते हुए साथियों के साथ गपशप कर रहे थे। करीब सात बजे गैराज में घुसे अज्ञात बदमाशों ने गुल्लर को लक्ष्य करके गोलियां बरसानी शुरू कर दी। गोलियां चलनी शुरू होते ही बाकी लोग जान बचाकर भाग गए। हमलावरों ने 35 राउंड से अधिक गोलियां चलाई। गुल्लर को कई गोलियां लगीं। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गुल्लर के सिर, चेहरे, छाती, पेट, हाथ और शरीर के दूसरे अंगों में गोली लगने के घाव मिले हैं।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार हमलावर स्विफ्ट कार में सवार होकर आए थे और सुरेंद्र गुल्लर पर गोलियां चलाकर झज्जर की तरफ भाग गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी। बहादुरगढ़ से सदर थाना पुलिस और अपराध शाखा पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। एसपी राजेश दुग्गल ने भी झज्जर से घटनास्थल पहुंचकर जांच कार्य का जायजा लिया। हमलावरों के बारे में अभी पुलिस को कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। देर शाम तक एफआईआर भी दर्ज नहीं की जा सकी। एसपी राजेश दुग्गल ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। असल दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। हो सकता है इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश रही हो। हमलावरों ने गोलियां आधुनिक हथियार से चलाई हैं, जिसकी जांच एफएसएल टीम कर रही है। हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का भी सहारा ले रही है। हमलावरों की संख्या चार-पांच बताई गई है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बहादुरगढ़ के सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया है। जहां पोस्टमार्टम शनिवार को होगा।
गुल्लर के शरीर पर गोलियों के निशान।- फोटो : Bahadurgarh
जांच के दौरान एसपी दुग्गल को गोली का खोल दिखाते डीएसपी राहुल देव।- फोटो : Bahadurgarh
पुलिस ने की गोलियों के खोल व दूसरे सुबूतों की निशानदेही।- फोटो : Bahadurgarh