बहादुरगढ़। अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने वैश्य समाज के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की। उन्होंने समाजसेवी श्रीनिवास गुप्ता को अग्रोहा धाम वैश्य समाज का राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनाने की घोषणा की। गर्ग ने कहा कि वैश्य समाज के संगठन का राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर विस्तार किया जा रहा है। अग्रोहा महाराजा अग्रसेन की राजधानी थी और धर्म नगरी है। अग्रोहा के विकास के लिए किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
बजरंग गर्ग ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ने व टीलें की खुदाई का काम करने की घोषणा करने के बावजूद भी अभी तक काम शुरू ना होने से देश के वैश्य समाज में नाराजगी है। केंद्रीय रेल बजट में अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ने की मंजूरी दिए 10 महीने हो चुके हैं लेकिन अभी तक रेलवे लाइन का काम केंद्र सरकार द्वारा शुरू नहीं किया गया है जबकि अग्रोहा धाम में हर रोज हजारों लोग देश के कोने-कोने से दर्शन करने के लिए आते हैं। गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम के साथ 125 एकड़ में महाराजा अग्रसेन का महल जो टीले के रूप में बदल चुका है, इसकी खुदाई करने की मंजूरी केंद्र सरकार द्वारा मिल चुकी है। सरकार को तुरंत इसकी खुदाई शुरू करानी चाहिए। अग्रोहा को रेलवे लाइन से जोड़ना चाहिए। अग्रोहा धाम में 30 करोड़ की लागत से महाराजा अग्रसेन के नाम पर दो भव्य म्यूजियम बनाए जा रहे हैं। टीले की खुदाई में जो भी सामग्री निकलेगी उस सामग्री को अग्रोहा धाम के म्यूजियम में रखा जाएगा ताकि आने वाले यात्री महाराजा अग्रसेन के जीवन से प्रेरणा लेकर ज्यादा से ज्यादा राष्ट्र व आम जनता की सेवा में अपना योगदान दे सके। केंद्र सरकार को अग्रोहा धर्मनगरी को पर्यटन स्थल बनाना चाहिए। गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाजवाद को बढ़ावा देते हुए गरीबों को ऊंचा उठाने का काम किया और जनता के लिए सारे अन्न व धन के भंडार खोल दिए। इस मौके पर वैश्य समाज के राष्ट्रीय महासचिव चूड़ियां राम गोयल, कोषाध्यक्ष पवन गर्ग, विकासपुरी दिल्ली प्रधान रमेश बंसल व राष्ट्रीय युवा संयोजक अनंत अग्रवाल ने श्रीनिवास गुप्ता को राष्ट्रीय संगठन मंत्री बनने पर बधाई दी।