बादली में दरियापुर मोड़ के पास जलती स्कार्पियो गाड़ी।
- फोटो : Bahadurgarh
बादली। दरियापुर मोड़ के पास एक चलती स्कार्पियो गाड़ी में अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ से सभी यात्री सुरक्षित बच गए, जबकि गाड़ी पूरी तरह से जल गई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाया।
बहादुरगढ़ निवासी गौरव बुधवार को अपनी स्कार्पियो गाड़ी से गुरुग्राम की ओर जा रहे थे। गाड़ी में चार अन्य लोग सवार थे। गाड़ी दरियापुर मोड़ के पास पहुंची तभी अचानक आग लग गई। चालक गौरव ने गाड़ी में धुआं देखा तो तुरंत साइड में करके गाड़ी रोक दी। सभी लोग गाड़ी से तुरंत उतर कर दूर हट गए। सभी ने गाड़ी में लगी आग पर काबू करने का प्रयास किया। राहगीरों की मदद से आग की लपटों पर रेत फेंका गया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। एक दमकल गाड़ी के साथ फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाई, लेकिन जब तक गाड़ी पूरी तरह से जल चुकी थी। (संवाद)