झज्जर। सड़कों पर जरा सी लापरवाही किसी के घर का चिराग बुझा सकती है। प्रतिवर्ष ऐसी सैकड़ों दुर्घटनाएं सड़कों पर होती है, जिसमें लापरवाही से वाहन चलाने के कारण चालक काल का ग्रास बन जाते हैं। इतना ही नहीं वाहन में बैठीं सवारियों के साथ आसपास के लोग भी इनके कारण जान से हाथ धो बैठते हैं।
ऐसे परिवारों से बात की जा रही है जिन्होंने अपनों को खोया है और यह दर्द उन्हें आज भी सता रहा है। जान गंवाने वालों के परिजनों का कहना है कि चालकों द्वारा सड़कों पर बरती जाने वाली लापरवाही भयंकर परिणाम देती है और यह परिणाम ऐसे होते हैं जिनकी भरपाई कभी भी नहीं हो सकती। हाईवे के अतिरिक्त भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी इस प्रकार की दुर्घटनाएं आम देखी जा रही हैं। झज्जर में तीन दिन पहले सांपला रोड पर घटी दुर्घटना भी लापरवाही का ही नतीजा थी, इसमें दो बच्चों के अलावा परिचालक समेत तीन लोगों की मृत्यु हुई है।
जो हमारे साथ हुआ दूसरों के साथ न हो
तीन दिन पहले सांपला मार्ग पर हुए हादसे में अपनी जान गंवा चुके बिरधाना गांव के परिचालक सोमबीर के माता-पिता का कहना है कि जो हमारे साथ हुआ है वह दूसरों के साथ न हो। उनका कहना था कि थोड़ी सी लापरवाही किसी के घर को तोड़ सकती है। गौरतलब है कि मृतक सोमबीर के सहारे ही परिवार का गुजर-बसर हो रहा था। उनके पिता पहले गार्ड की नौकरी करते थे, लेकिन बीमारी के चलते उनकी नौकरी भी छूट गई थी और उनकी माता भी काफी बीमार रहती हैं और छोटा भाई भी बेरोजगार है। मृतक सोमबीर एकमात्र कमाने वाला था और उनकी परिचालक की नौकरी से ही उनका घर चल रहा था।
मोबाइल बन रहा दुर्घटनाओं का बड़ा कारण
आजकल हर किसी पर मोबाइल का क्रेज सवार है, चाहे बच्चे हो, युवा व वाहन चालक सभी मोबाइल पर लगे रहते है। वैसे तो सभी को जरूरत पड़ने पर ही मोबाइल को इस्तेमाल करना चाहिए। खासतौर से वाहन चालकों को कतई भी वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करना चाहिए, क्योंकि उनकी यह लापरवाही उनके साथ-साथ दूसरों की जिंदगी लील सकती है। सांपला रोड पर हुई घटना ऐसा ही हुआ है। बताया जा रहा है कि गाड़ी चालक ध्यान मोबाइल में था।
------------------
यातायात प्रभारी दिलावर सिंह से बातचीत
सवाल : हर रोज सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।
जवाब : यातायात नियमों का पालन न करने के कारण अधिकतर हादसे होते हैं।
सवाल : सीट बेल्ट का लोग प्रयोग नहीं करते।
जवाब : सीट बेल्ट का प्रयोग करने से वाहन में एक्सीडेंट के समय बचाव हो सकता है। गाड़ी में टक्कर के बाद एयर बैग भी खुल सकते हैं। एक दम से यात्री बाहर नहीं गिरेगा, टक्कर में यात्री का बचाव हो सकता है।
सवाल : हेलमेट का प्रयोग दोपहिया वाहन चालक नहीं कर रहे हैं।
उत्तर। दोपहिया वाहन चालकों के बिना हेलमेट चालान भी किए जाते हैं। वाहन चालक सस्ते हेलमेट न खरीदें क्योंकि सड़क दुर्घटना के समय यह भी टूट कर जानलेवा हो सकते हैं। इस लिए हेलमेट जान को बचाने के लिए प्रयोग करें। दिखावे के लिए नहीं।