गांव डीघल में घरेलू कलह से परेशान मां-बेटे ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिस समय दोनों ने फंदा लगाया, उस समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। दोपहर बाद जब परिवार के सदस्य घर लौटे तब घटना का पता चल सका। इसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घटना स्थल का जायजा लिया। हालांकि परिवार में किस बात को लेकर कलह थी, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है। शनिवार की सुबह शवों का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार गांव डीघल निवासी सुशीला (44 ) पत्नी धर्मबीरव उसका बेटा सचिन(24) घरेलू कारणों के चलते परेशान थे। शुक्रवार को एक कमरे के अंदर मां ने पंखे से व बेटे ने दीवार में लगे रोशनदान से फंदा लगा कर आत्म हत्या कर ली है। पुलिस को दिए बयान में सचिन के मामा ने बताया कि दोनों घरेलू कलह की वजह से परेशान चल रहे थे। जिससे चलते दोनों ने यह कदम उठाया है। घटना की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण भी मौके पर पहुंचे और मामले को लेकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि महिला का पति धर्मवीर ट्रक चलाता हैं और उसका एक छोटा बेटा भी है। म़ृतक सचिन गांव में ही खेतीबाड़ी का कार्य करता था।
घरेलू कारणों के चले मानसिक रूप से परेशान मां-बेटे के फंदा लगाने की सूचना मिली थी। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मां-बेटा घरेलू कारणों के चलते परेशान थे। शनिवार को मां-बेटे का झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा।
- शेर सिंह, निरीक्षक, थाना प्रभारी, दुजाना।