झज्जर। अंत्योदय सरल केंद्र के माध्यम से नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं का फीडबैक लेने के लिए डीसी श्याम लाल पूनिया ने बुधवार को लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र का औचक निरीक्षण किया। डीसी ने सरल केंद्र स्थित टोकन काउंटर, रिकॉर्ड रूम, विभिन्न सेवाओं से जुड़ी विंडो आदि का निरीक्षण किया।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरल केंद्र के सभी कर्मचारियों के पहचान पत्र होने चाहिए। यह पहचान पत्र सभी कर्मचारी अपने गले में पहने। अंत्योदय सरल केंद्र के माध्यम से नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी कर्मचारी नागरिकों के साथ उचित व्यवहार करें। उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को सही ढंग से रिकॉर्ड मेंटेन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने अंत्योदय सरल केंद्र में आने वाले नागरिकों से सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने सरल केंद्र में तैनात कर्मचारियों को आवेदन का शीघ्रता से निपटारा करने के निर्देश दिए ताकि वेटिंग पीरियड कम किया जा सके। सरल केंद्र में एप्लीकेशन के डेली स्टेटस की समीक्षा करते हुए डीसी ने विभागवार समीक्षा की। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि राइट टु सर्विस में ऑटो एप्लीकेशन सॉफ्टवेयर लागू हो चुका है ऐसे में किसी भी एप्लीकेशन के निपटारे में देरी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीआईओ अमित बंसल ने डीसी को सरल केंद्र से जुड़े रिकॉर्ड से डीसी को अवगत कराया।