रोहतक के गांव मकड़ोली कलां निवासी बुजुर्ग महिला की आसौदा रेलवे स्टेशन के पास गला रेतकर हत्या कर दी गई। वृद्धा का शव एक खेत में बने तूड़े के कमरे में निर्वस्त्र मिला है। महिला अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए वीरवार की शाम को ट्रेन से आई थी और और आसौदा रेलवे स्टेशन से पैदल आसौदा गांव जा रही थी।
इस दौरान करीब छह बजे किसी ने उन्हें मार डाला। उनके कानों से सोने की बालियां और बैग से कीमती सामान भी गायब मिला है। उनके पेट पर भी चोट के निशान और कपड़े फटे मिले हैं। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका मूर्ति देवी करीब 70 साल की थीं। वह देर तक भाई के घर नहीं पहुंची तो तलाश शुरू की गई। देर रात तूड़े के कमरे में उसका शव मिला। सूचना मिलने पर पहुंची आसौदा थाना पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम नागरिक अस्पताल में किया गया। उधर, गांव आसौदा सिवान में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जहां एक तरफ खुशी भरा माहौल था, वहां बुजुर्ग महिला का शव मिलने से सन्नाटा सा पसर गया है।
गांव आसौदा सिवान के रामफल ने बताया कि उनकी बहन मूर्ति देवी पत्नी श्रीभगवान अपनी पोती व दोहती के साथ मकड़ोली कलां से ट्रेन में सवार होकर आसौदा आ रही थी। पांच फरवरी को उनकी भतीजी की शादी है। वह इस विवाह समारोह में शामिल होने के लिए वीरवार शाम को मकड़ोली कलां से चली थी। उनके आसौदा रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद पड़ोस के गोविंद को बाइक से उन्हें लेने भेजा गया था।
मूर्ति के साथ दो और लड़की होने की वजह से गोविंद उन लड़कियों को लेकर घर आ गया और मूर्ति देवी को लेने के लिए अंकित नाम के युवक को भेज दिया, लेकिन वह रास्ते में कहीं नहीं मिली। घर आकर उसने बताया कि मूर्ति देवी कहीं नहीं मिलीं। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई।
काफी तलाश करने पर रेलवे स्टेशन से आईटीआई की तरफ वाले रास्ते के बीच खेतों में बने तूड़े के कमरे में उनका शव पड़ा मिला। मूर्ति देवी की गला रेतकर हत्या की गई थी। भाई रामफल की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।