खड़े ट्रक में हाईवा ने मारी टक्कर तो दो चालक जिंदा जले
अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर। गोधड़ी गांव के पास खड़े ट्रक में हाईवा के द्वारा टक्कर मारे जाने के कारण दोनों वाहनों में आग लग गई। आग की चपेट में आने से हाईवा व ट्रक का चालक मौके पर ही जिंदा जल गए। वहीं हादसे के कारण ट्रक का परिचालक घायल हो गया। जिसे गंभीरावस्था में सामान्य अस्पताल झज्जर लाया गया। जहां से उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। हादसे का शिकार बने दोनों चालकों की शिनाख्त नवलगढ़ निवासी हरिराम व यूपी के कानपुर निवासी देवेंद्र जिंदा जल गए।
पीजीआई में उपचाराधीन राजस्थान के झुंझनू जिला की नवलगढ़ तहसील के गांव कोजावास निवासी रूघबीर ने बताया कि वे शुक्रवार को दिन में झुंझनू से चने लोड करके दिल्ली के लिए चले थे। रात के समय करीब साढे़ 11 बजे जब वे गोधड़ी गांव के पास पहुंचे तो ट्रक का टायर पंक्चर हो गया। कोजावास गांव निवासी ही चालक हरिराम गाड़ी का टायर बदलने लग गया। इसी दौरान पीछे से आए एक हाईवा ने उनके खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। जिस पर दोनों ट्रकों में आग लग गई। आग के कारण दोनों ट्रकों के चालक जिंदा जल गए। टक्कर के कारण वह दूर जाकर गिरा, जिसके चलते उसके केवल चोट आई। जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची व दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया। वहीं उसे झज्जर के सामान्य अस्पताल में लेकर आए। जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया।
-पलक झपकते ही हो गया सब कुछ
घायल रूघबीर ने हादसे को अंजाम देने वाला हाईवा सीएनजी से चलता था। जिसके चलते हादसे के समय पलक झपकते ही सब कुछ खत्म हो गया। धमाका इतना तेज हुआ था कि आग की लपटों ने हादसा करने वाले हाईवा चालक को अपनी चपेट में ले लिया, वो अपनी सीट से भी नहीं हिल पाया। वहीं ट्रक का टायर बदल रहा दूसरा चालक हरिराम भी टायर के पास से उठ नहीं सका। दोनों की बॉडी वहीं से पुलिस ने उठाई है।
-रोड़ी भरकर दिल्ली जा रहा था हाईवा
हादसे को अंजाम देने वाला चालक अपने हाईवा में अकेला ही था। हाईवा के नंबर से ही उसके मालिक का पता किया गया। जिसके बाद मृतक चालक की शिनाख्त हो पाई। मृतक की शिनाख्त यूपी के कानपुर जिला निवासी देवेंद्र पुत्र देशराज के तौर पर हुई है। जो कि दादरी जिला से हाईवा में रोड़ी भरकर दिल्ली जा रहा था। जिसका गोधड़ी गांव के पास हादसा हो गया।
वर्जन
हादसे की सूचना पर वे तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां पर दोनों वाहनों में आग लगी हुई थी। झज्जर दमकल टीम को मौके पर बुलाकर आग बुझाई गई। वहीं घायल को सामान्य अस्पताल भिजवाया गया। दोनों मृतकों की पहचान राजस्थान के नवलगढ़ निवासी हरिराम व यूपी के कानपुर निवासी देवेंद्र के तौर पर हुई है। हरिराम का शव परिजनों को सौंप दिया गया तथा मृतक देवेंद्र के वारिस रविवार सुबह तक झज्जर पहुंचेंगे।
फोटो संख्या-6 व 7