ट्रेन की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी
गांव महराणा के समीप रेलवे लाइन पार करते समय संदिग्ध हालातों में ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में रविवार सुबह कराया। मृतक की पहचान महराणा निवासी मनोज के रूप में हुई है।
जीआरपी पुलिस कर्मी कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि पातुवास के समीप रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़ा है। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। कृष्ण कुमार ने बताया कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ करने पर मृतक की शिनाख्त महराणा निवासी मनोज के रूप में हुई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवाया गया। पुलिस ने कागजी कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया। कृष्ण कुमार ने बताया कि इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की गई है।