फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गांव की बणी में हुई व्यक्ति की हत्या, आरोपियों की गिरफ्तारी तक परिजनों का शव लेने से इंकार

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

चरखी दादरी। कलियाणा निवासी एक व्यक्ति का शव रविवार रात गांव की बणी से पुलिस ने बरामद किया है। मृतक के चेहरे पर हाथों पर धारदार हथियार से वार किए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में मृतक की पत्नी के बयान पर गांव के पूर्व सरपंच सहित चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है, लेकिन सोमवार देर शाम तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई। इससे खफा मृतक के परिजनों ने शव लेने से इंकार कर दिया। इससे पहले परिजन इस मामले में पहले सदर थाने में डीएसपी और फिर एसपी से भी मिले। एसपी हिमांशु गर्ग ने उन्हें निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं हुए। रात करीब साढ़े आठ बजे तक शव लेने के लिए पुलिस परिजनों को मनाने के प्रयास में जुटी हुई थी।
जानकारी के अनुसार कलियाणा निवासी दिनेश को रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उसका दोस्त शशि घर से बुलाकर ले गया था। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी बबली ने बताया कि इससे पहले दोपहर करीब 12 बजे गांव का पूर्व सरपंच शेर सिंह दो और लोगों के साथ दिनेश को बुलाने घर आया था लेकिन उक्त लोगों के साथ चल रहे पुराने भूमि विवाद के चलते उसने दिनेश को नहीं जाने दिया। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद दिनेश का दोस्त शशि उसे घर से बुलाकर ले गया। बबली ने बताया कि उसने दिनेश को शशि के साथ भी नहीं जाने की बात कही थी लेकिन वह नहीं माना और कुछ देर में ही वापस लौटने की बात कहकर चला गया। दोपहर करीब तीन बजे उसकी दिनेश से फोन पर बात हुई तो उसने कुछ देर बाद आने की बात कही।
विज्ञापन

बबली ने बताया कि इसके बाद वो देर शाम तक उसका फोन मिलाते रहे लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। बबली के मामला राजकुमार ने बताया कि देर शाम उनके पड़ोस में स्थित एक दुकान पर पूर्व सरपंच का फोन आया और उसने दिनेश का शव बणी में पड़ा होने की बात कही। इस पर उक्त दुकानदार ने परिजनों को मामले की जानकारी दी। वहीं, परिजनों का आरोप है कि पुलिस उन्हें सूचना दिए बिना ही दिनेश के शव को लेकर सिविल अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने सोमवार सुबह मृतक की पत्नी के बयान दर्ज कर पूर्व सरपंच शेर सिंह, सत्यवान, बजरंग व शशि पर हत्या का केस दर्ज कर लिया। इस दौरान परिजन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और इसके बाद ही शव लेने की बात कही।
डीएसपी के खिलाफ नारेबाजी कर एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन
आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए मृतक के परिजन दोपहर करीब एक बजे सदर पुलिस थाने में डीएसपी प्रदीप नैन से मिले। इस दौरान डीएसपी ने उन्हें कहा कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस आश्वासन से मृतक के परिजन संतुष्ट नहीं हुए और उन्होंने थाने में नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद परिजन लघु सचिवालय पहुंचे और एसपी हिमांशु गर्ग से मिले। एसपी ने भी उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया लेकिन वो इससे भी संतुष्ट नहीं हुए और थाने लौट आए।
पुलिस ने कई बार दिया आश्वासन, आरोपियों की गिरफ्तारी पर अड़े रहे परिजन
पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक के परिजनों को शव ले जाने के लिए मनाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने। मृतक की पत्नी और उसके मायके पक्ष के लोगों ने बताया कि यह हत्या भूमि विवाद के चलते हुई है और आरोपी खुले आम घूम रहे हैं। उन्हें डर है कि जमीन के लिए वो दिनेश की पत्नी और दो बच्चों की भी हत्या न कर दें। इसलिए जब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तब तक वो शव नहीं ले जाएंगे। देर रात तब परिजनों को मनाने के प्रयास जारी थे।
विज्ञापन


पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर पूर्व सरपंच शेर सिंह, सत्यवान, बजरंग व शशि पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यही आश्वासन मैंने मृतक के परिजनों को दिया था लेकिन वो थाने से चले गए।
-प्रदीप नैन, डीएसपी हेड क्वार्टर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें