अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़।
गांव लडरावन में सात महीने पहले हथियार के बल पर स्कॉपियो गाड़ी छीनने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि गांव पीपली का निवासी दीपक 23 नवंबर 2017 को बहादुरगढ़ में अपने साथियों को छोड़कर वापस गांव लौट रहा था। रास्ते में तीन युवकों ने उससे लिफ्ट मांग ली। जब वह गांव लडरावन स्थित डिग्गी के पास पहुंचा तो पीछे बैठे दो लड़कों ने उसकी कनपटी पर पिस्तौल अड़ा दी और गाड़ी रुकवा कर पीछे खींच लिया। तीसरा युवक गाड़ी चलाकर ले गया। इसके बाद सोहटी के पास मोबाइल व पर्स छीनकर दीपक को गाड़ी से धक्का देकर बाहर कर दिया गया।
इस मामले में गत 24 नवंबर को सदर थाना पुलिस में केस दर्ज हुआ था। तब से लेकर पुलिस अब तक इन बदमाशों की तलाश कर रही थी। एसटीएफ प्रभारी जसबीर सिंह ने कहा कि एक मामले में करनाल जेल में बंद आरोपी पंकज उर्फ सोनू को झज्जर पुलिस वारंट पर लाई। पूछताछ के दौरान उसने उक्त वारदात कबूल कर ली। शनिवार को उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।