धामपुर (बिजनौर)। तीर्थस्थलों का दर्शन करने के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की बस, ई-रिक्शा से टकरा गई। हादसे में ई-रिक्शा में सवार पांच लोग चोटिल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दो घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। उधर, सूचना मिलने पर पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा लिया। वहीं बस में सवार करीब 55 श्रद्धालुओं को शिव मंदिर में ठहर कर रात गुजारनी पड़ी।
जिला अंबेडकरनगर के थाना टांडा के गांव हसनपुर सुनथर निवासी कैलाशनाथ उपाध्याय ने बताया कि वह 28 मई को बस से चार धाम यात्रा के लिए निकले थे। बस में करीब 55 श्रद्धालु शामिल रहे। जब वह शुक्रवार को बस से घर लौट रहे थे तो हाइवे पर गांव मंधौरा के पास बस, ई-रिक्शा से टकरा गई। टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गई, हादसे में गांव तीबड़ी निवासी चमन, चमन की पत्नी सोनिया, मंधौरा निवासी नाजिम, शादीपुर निवासी कांति देवी व ढक्काकर्मचंद निवासी लवीस घायल हो गए। लोगों ने घटना के बाद घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से कांति देवी और लवीस को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया है। उधर, शनिवार को पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया है। कैलाशनाथ उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने बस को तो थाने में खड़ा करा लिया और उनके ठहरने की व्यवस्था पास में स्थित शिव मंदिर में करा दी। मामला निपटने के बाद शनिवार को वह गंतव्य के लिए रवाना हो गए।