झज्जर। पुलिस ने हत्या के एक मामले में महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान सूरजमल निवासी गांव भूरावास जिला झज्जर के तौर पर की गई। थाना प्रबंधक निरीक्षक बिजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को कार्रवाई के बाद झज्जर की अदालत में पेश किया गया। जहां से दोनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
साल्हावास थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने बताया की 14 अप्रैल 2019 को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भूरावास निवासी बलवान जली हुई अवस्था में सामान्य अस्पताल झज्जर से पीजीआई रोहतक के लिए उपचार के लिए रेफर किया गया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए गंभीर रूप से घायल एवं उपचाराधीन बलवान के बयान ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने पीजीआई रोहतक में दर्ज किए। उपचाराधीन बलवान ने बताया कि प्लॉट के मामले में वह सूरजमल के घर पैसे लेने गया था। जहां पर सूरजमल उसके साथ लड़ाई करने लगा। उसकी पत्नी ने उसे पकड़ लिया और सूरजमल ने तेल छिड़क कर आग लगा दी। आरोपियों के खिलाफ थाना साल्हावास में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। थाना प्रबंधक ने बताया कि वारदात के दौरान जलने से गंभीर रूप से घायल बलवान की उपचार के दौरान 19 अप्रैल 2019 को मौत हो गई। इस पर केस में हत्या की धारा जोड़ी गई। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए एएसआई सुखपाल की पुलिस टीम ने आरोपियों को उनके गांव से काबू कर लिया।