अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
उतराखंड के हरिद्वार में आईटीबीपी के जवान की राइफल से चली गोली का शिकार बने कांवड़िए की मौत को उतराखंड प्रशासन भले ही हादसा बता रहा है। लेकिन मृतक विकास के परिजन इसे हत्या का मामला बता रहे हैं। डी माजरा निवासी मृतक विकास के पिता कृष्ण ने आईटीबीपी पर आरोप लगाते हुए अपने बेटे की मौत की सीबीआई जांच करने की मांग उठाई है।
पीड़ित के अनुसार 14 जुलाई की रात को उसका बेटा विकास डाक कांवड़ लाने के लिए हरिद्वार गया था। 15 जुलाई को हरिद्वार में उसके बेटे की आईटीबीपी के जवान ने गोली मारकर हत्या कर दी। उत्तराखंड प्रशासन ने दो दिन तक परिवार को सूचित नहीं किया। जिसके लापता होने की जीरो एफआईआर उन्होंने हरिद्वार में दर्ज करवा दी थी। वहां का प्रशासन उसके बेटे की मौत को हादसा बता रहा है। जबकि उसके जिगर के टुकड़े हत्या की गई है। घटना के बारे में बताते हुए कृष्ण बार-बार बेसुध हो रहे थे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव तो सौंप दिया लेकिन उन्हें एफआईआर की कापी तक नहीं दी। वहीं, गांव तक उत्तराखंड पुलिस अपनी सुरक्षा में शव को छोड़ कर गई है। वहां के अधिकारियों ने उन्हें अपनी बात रखने तक का समय नहीं दिया। कृष्ण ने उत्तराखंड प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके बेटे को जांघ में गोली लगी थी, अगर प्रशासन चाहता तो उसकी जान बच सकती थी, लेकिन सबूत मिटाने के लिए उसके बेटे की बलि दे दी गई।
- इकलौता बेटा था विकास बैनीवाल
कृष्ण ने बताया कि उनके तीन भाईयों का संयुक्त परिवार है, जिनमें से दो कुंवारे हैं। विकास उनका इकलौता बेटा था। विकास की मौत ने उनकी पीढ़ी ही खत्म कर दी है। ऐसे में वे चुप नहीं बैठेंगे और विकास की हत्या की जांच करवाने के लिए हर दरवाजे तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास बीटेक की पढ़ाई पूरी कर चुका था और टेस्ट की तैयारी कर रहा था।
- अब किसको राखी बाधूंगी : सीमा
मृतक विकास की बहन सीमा रोते-रोते दिन में कई बार बेसुध हो जाती है। होश में आने पर सीमा की जुबान पर एक ही बात होती है कि इस रक्षाबंधन पर वो किसे राखी बांधेगी। भाई के कांवड़ लाने जाने की खुशी में सीमा ससुराल से मायके डी माजरा आई हुई थी। लेकिन उसे क्या पता था कि वो भाई से आखिरी बार मिलने जा रही है।
- हरिद्वार में गोली से मारे कांवड़िए के पिता कृष्ण ने लगाई सीबीआई जांच की गुहार