अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। लाइनपार क्षेत्र में मंगलवार की रात को गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतारे गए युवक रितेश उर्फ रिनू का शव बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। इस मामले में लाइनपार थाना और सीआईए की चार टीमें हत्यारोपियों की तलाश कर रही है। बुधवार को भी आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई।
दरअसल, विकास नगर निवासी रितेश उर्फ रिनू मंगलवार की शाम को सूरत नगर में किसी काम के सिलसिले में गया था। रात को बाइक पर सवार होकर जब वह लौट रहा था तो बाइक सवार कुछ हमलावरों ने पांच गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी थी। रितेश की हत्या का आरोप लाइनपार निवासी दो भाई अमित व नीरज और उनके कुछ साथियों पर हैं। हत्या की इस वारदात को सुलझाने के लिए लाइनपार थाने की दो टीमें व सीआईए 1 व सीआईए 2 की टीमें जांच में जुटी हैं। बताते हैं कि बुधवार को भी इन टीमों ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आरोपी अमित व नीरज के घर पर भी पुलिस टीम लगातार नजर रख रही है।
शक बदला रंजिश में
रितेश उर्फ रिनू अविवाहित था। अमित ने अपने भाई व साथियों के संग मिलकर पुरानी रंजिश के तहत उसकी हत्या की। बता दें कि आरोपी अमित ने वर्ष-2014 में अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी थी। यह हत्या चरित्र संदेह को लेकर की गई थी। अमित को रिनू पर भी शक था और यह शक रंजिश में बदल गया। पैरोल पर आए अमित ने मंगलवार की रात रिनू की हत्या कर दी।
हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए थाने व सीआईए की चार टीमें लगी हुई हैं। हत्यारोपियों को तलाशा जा रहा है। जल्द ही यह मामला सुलझाया जाएगा।
दिनकर, एसएचओ, लाइनपार थाना।