अमर उजाला ब्यूरो
बहादुरगढ़। आमजन को सुरक्षा प्रदान करनेे के लिए पुलिस दिन-रात तत्पर रहती है लेकिन कभी-कभी पुलिस खुद भी असहाय हो जाती है। ऐसा ही एक वाकया बहादुरगढ़ में हुआ। यहां एक गुप्त सूचना पर गाड़ी की तलाशी लेने गए दो पुलिस कर्मियों पर तीन युवकों ने रॉड से हमला कर दिया। साथ ही दोनों पर गाड़ी चढ़ाने का भी प्रयास किया गया। पुलिस पर हमला करने वाले युवकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। सेक्टर छह थाना पुलिस ने केस दर्ज कर युवकों की तलाश शुरू कर दी है। घटना सोमवार रात की है। दरअसल, सेक्टर छह थाने में तैनात एचसी कृष्ण व सिपाही संदीप रात को सेक्टर छह की पुलिया नंबर-3 पर तैनात थे। इस दौरान इन्हें सूचना मिली कि रोहतक-दिल्ली रोड पर बराही मोड़ के पास एक कार खड़ी है। कार में सवार तीन युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इस सूचना पर दोनों वहां गए। एचसी कृष्ण ने कार चालक से पूछताछ की तो तीनों युवक गाड़ी से बाहर उतर गए। युवकों के हाथ में रॉड थे। इनमें से एक युवक ने कहा कि तू होता कौन है हमारी कार को चेक करने वाला। इसी दौरान एक युवक ने पीछे से कृष्ण के सिर पर प्रहार किया। फिर संदीप पर भी वार किए। इस दौरान नजदीक स्थित एक ढाबे पर मौजूद लोग शोर सुनकर वहां पहुंचे तो तीनों युवक गाड़ी में बैठ गए। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कार चढ़ाने का भी प्रयास किया, गनीमत रही कि दोनों बच गए। इसके बाद कार सवार सांपला की तरफ फरार हो गए। लोगों ने घायल पुलिसकर्मियों को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं इस मामले में घायल पुलिस कर्मियों की शिकायत पर कार सवार युवकों के खिलाफ सेक्टर छह थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। सेक्टर छह थाने के प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।