अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गवालीसन गांव के एक परिवार में 24 घंटे के दौरान दूसरी जवान मौत जाने के चलते पूरा गांव शोक में डूब गया। हर किसी के जुबान पर यही बात है कि आखिर भगवान इतना निर्दयी कैसे हो सकता है। अभी एक भाई की चिता की आग ठंडी भी नहीं हुई थी कि दूसरे चचेरे भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो गई। शुक्रवार को सड़क हादसे का शिकार बने तेजदीप के चचेरे भाई संदीप की शनिवार को देर शाम पिकअप की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार सिलानी बाईपास के पास पिकअप गाड़ी का टायर फटने के कारण साथ में चल रही बाइक चपेट में आ गई। जिसके चलते बाइक सवार गंभीर रुप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गवालीसन गांव के संदीप के तौर पर हुई है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार को ही सड़क हादसे में मृतक के चचेरे भाई तेजदीप की मौत हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम होगा।
- एक साथ होंगी अस्थियां विसर्जित
शुक्रवार को हादसे का शिकार बने तेजदीप का शनिवार को अंतिम संस्कार किया गया था। जिसकी रविवार को अस्थियां चुनी जानी थी। लेकिन शनिवार की शाम को ही उसके चचेरे भाई संदीप की मौत हो गई। जिसका रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिजनों के अनुसार अब दोनों मृतक चचेरे भाईयों की अस्थियां एक साथ ही विसर्जित की जाएंगी।
पिता की पहले हो चुकी है मौत
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार गवालीसन निवासी मृतक संदीप के पिता की एक साल पूर्व किसी बीमारी की वजह से मौत हो चुकी है तथा वह तीन भाईयों में सबसे बड़ा था। मृतक संदीप गिरावड़ गांव के महराजा सूरजमल अस्पताल में बतौर लैब टेक्निशियन कार्यरत था।
वर्जन
सिलानी बाईपास के पास शनिवार को सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। परिजनों की शिकायत पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। मृतक का रविवार को पोस्टमार्टम होगा।
- सुमित, एसएचओ, झज्जर।
- सिलाई बाईपास के पास पिकअप की चपेट में आने से हुई युवक की मौत