साल्हावास। मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने रूड़ियावास गांव के पास स्थित एक होटल पर छापा मार कर विभिन्न कंपनियों की 76 कट्टे सीमेंट पकड़ी है। उड़नदस्ते ने होटल मालिक के खिलाफ साल्हावास पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के उप निरीक्षक जय भगवान ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक कार्यालय में गुप्त सूचना मिली थी कि शिव शंकर होटल रूड़ियावास पेट्रोल पंप के नजदीक है। जिसका मालिक सुधीर उर्फ सेठा निवासी मातनहेल झाड़ली प्लांट से जिन वाहनों में सीमेंट भरकर आती है, उन वाहनों के चालक प्लांट से बिल व बिल्टी से अधिक सीमेंट के कट्टे धोखाधड़ी से लोड करके होटल मालिक सुधीर को देते हैं। सूचना पर उप निरीक्षक जयभगवान, उप निरीक्षक राजनिवास सहायक उप निरीक्षक सहदेव, राजेश, चालक हवलदार अमित के होटल शिवशंकर पर पहुंचे। टीम ने साल्हावास पुलिस को भी मौके पर बुलाया।
जांच के दौरान सुधीर उर्फ सेठा निवासी मातनहेल के होटल पर वंडर सीमेंट के 11 कट्टे, अल्ट्राटेक के 7 कट्टे, न्यूको सीमेंट के 18 कट्टे, जेके सीमेंट के 5 कट्टे सील बंद व 35 कट्टे खुले अलग-अलग मार्का के मिले हैं। पुलिस ने सीमेंट को कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। - रामकरण, निरीक्षक, थाना प्रभारी, साल्हावास।