झज्जर। शहर के बेरी गेट क्षेत्र में एक फौजी के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोर नगदी व आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद हो गया है। एक युवक लोहे की राड़ लेकर गेट के ऊपर से घर में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है जबकि एक युवक घर के बाहर खड़ा रेकी कर रहा है। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं सीसीटीवी के फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बेरी गेट निवासी सतेंद्र का कहना है कि वह भारतीय सेना में कार्यरत हैं और परिवार के साथ पंजाब के बठिंडा में ही रहता है। मकान की सफाई के लिए एक महिला को लगाया हुआ है। जब वह सुबह सफाई के लिए आई तो मकान के ताले टूटे हुए थे। बुधवार की सुबह उसे सूचना मिली उसके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलने के बाद वह घर पहुंचा तो देखा कि सारा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा है और मकान के ताले टूटे हुए थे। सीसीटीवी में एक युवक घर में घुसा हुआ दिखाई दे रहा है और एक बाहर खड़ा दिखाई दे रहा है। जांच के दौरान पता चला कि सोने की चार अंगूठी, एक चेन, चांदी के आभूषण व करीब 14000 रुपये चोरी कर लिए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया। एफएसएल टीम ने भी घटना स्थल का मुआयना कर सबूत जुटाए हैं। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
- वर्जन
पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - कर्मबीर सिंह, शहर थाना प्रभारी, झज्जर।