साल्हावास (झज्जर)। मातनहेल गांव में सोमवार की अलसुबह बिजली चोरी पकड़ने गई उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों को छुड़वाया। इस संबंध में बिजली निगम के एसडीओ ने आरोपियों के खिलाफ साल्हावास पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है।
सोमवार सुबह साढ़े चार बजे बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मियों की टीम पुलिस के साथ बिजली चोरी पकड़ने के लिए गई थी। टीम में राजेश कुमार जेई, बलजीत, हरेंद्र लाइनमैन, नरेश लाइन मैन, राजेश, आशीष, नरेंद्र व अनिल कुमार आदि शामिल थे। टीम मातनहेल गांव में तहसील के पास बाहरी इलाके में जांच कर रही थी। इस दौरान टीम विजय के मकान पर पहुंची और बिजली चोरी पाए जाने पर लाइनमैन हरेंद्र वीडियोग्राफी कर रहा था। उसी समय विजय, मंजीत, उसकी पत्नी व आसपास के अन्य लोगों ने टीम को मकान के अंदर बंद कर दिया व उनके साथ मारपीट करने लगे और बिजली कर्मियों को जान से मारने की धमकी दी। एसडीओ ने कहा कि इस दौरान दबाव में राजेश कुमार जेई से बच निकलने के लिए लिखवाया गया कि उनके घर में बिजली की डोरी नहीं लगी थी और हम बगैर मालिक की अनुमति से घर में घुसे हैं।
उनका कहना है कि राजेश कुमार जेई, राजेश एएलएम व अनिल कुमार एसआई को छोड़कर बाकी सभी स्टाफ सदस्य वहां से जान बचाकर भागने में कामयाब हो गए और इन तीनों को बंधक बना लिया गया। पुलिस ने उन्हें मौके पर पहुंचकर मुक्त कराया।
वर्जन
पुलिस ने एसडीओ की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
- सुखपाल, जांच अधिकारी, थाना साल्हावास