आसौदा टोडरान के युवक दीपक के शव का आसौदा चौकी पुलिस ने नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम करवाया और गांव के ही एक युवक व उसके दो चाचा के खिलाफ केस दर्ज किया है। दीपक की शनिवार शाम को चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक दीपक (19) के शरीर पर चाकू के कई घाव मिले हैं। दीपक की हत्या के आरोप में उसके पिता रोहतास के बयान पर गांव के ही रहने एक नव युवक और उसके दो चाचा राजेश व वीरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगी हुई है। हत्या के पीछे पहले के एक झगड़े की बात सामने आई है। लेकिन यह झगड़ा किस बात को लेकर हुआ था इसका पता भी पुलिस अधिकारी लगा रहे हैं। आसौदा टोडरान निवासी दीपक बहादुरगढ़ के राजकीय महाविद्यालय में बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था और इन दिनों वह पुलिस व सेना में भर्ती होने के लिए तैयारी कर रहा था। उसके पिता एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर कार्य करते हैं।
आसौदा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि दीपक के शव का डाक्टर पैनल से पोस्टमार्टम करवाकर उसे वारिसों के हवाले कर दिया। तीनों नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दीपक की हत्या के पीछे अभी तक पुरानी कहासुनी की बात सामने आई है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद ही हत्या के पीछे क्या वजह रही है इस बारे में स्पष्ट हो सकेगा।