सब्जी मंडी के पास पांच-छह युवकों ने मंडी के ही एक आढ़ती के साथ मारपीट करके 1 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। सेक्टर-6 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर एक नामजद समेत कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
सब्जी मंडी से सटी कालोनी मोहन नगर का निवासी विकास सब्जी मंडी में आढ़ती है। दिल्ली की आजादपुर मंडी से सब्जियां लाकर यहां बहादुरगढ़ की मंडी में बेचता है। शनिवार रात को उसे अपने साथियों के साथ आजादपुर मंडी जाना था इसलिए करीब पौने 11 बजे मंडी में आ गया। गेट के पास खड़ा होकर अपने साथियों का इंतजार कर रहा था। उसकी जेब में 1 लाख 40 हजार रुपये थे। इसी दौरान 5-6 युवक उसके नजदीक आए। उन्होंने विकास के साथ मारपीट की और नकदी छीन ले गए। जब तक विकास के साथी आते, मारपीट करने वाले मौके से फरार हो चुके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंच मारपीट कर नकदी लूटकर ले जाने वालों की तलाश शुरू की। देर रात तक पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी लेकिन किसी की गिरफ्तारी होने की पुष्टि नहीं हुई है। विकास के अनुसार आरोपियों में एक नामजद है जबकि अन्य उसके साथी बताए गए हैं। जिस युवक को वह जानता था आते ही उसने उसका गला पकड़ा और कहा कि तेरे पास जो है दे दे, वरना जान से मार देंगे। विरोध करने पर उन युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सेक्टर-6 थाना प्रभारी नर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।