माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में माथा टेकने जाते अशोक तंवर व अन्य। संवाद
- फोटो : Jhjhar
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद पूर्व सांसद डॉ.अशोक तंवर शुक्रवार को अपनी कुलदेवी मां भीमेश्वरी देवी के मंदिर में दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में आप पार्टी की भविष्य की राजनीति को लेकर रणनीति का ब्लू प्रिंट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही उनकी पार्टी में हरियाणा के ऐसे प्रभावशाली लोग जुड़े मिलेंगे जो स्वच्छ छवि के होंगे और उनकी दिनचर्या की शुरुआत ही संघर्ष से होती है।
मंदिर दर्शन करने पहुंचे पूर्व सांसद ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने कहा कि आम आदमी, गरीब, किसान, मजदूर व छोटे व्यापारी की लड़ाई लड़ने के लिए ही वह अपनी कुलदेवी मां भीमेश्वरी देवी के चरणों में मत्था टेकने के लिए आए थे। उन्होंने अफसोस जाहिर किया कि कितनी हैरत की बात है कि लिंक नहर के निर्माण के मुद्दे पर हरियाणा सरकार पिछले 6 साल में पीएम से मिलने का समय नहीं ले पाई। उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से 134 ए को खत्म करने की भी तीखे शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि जब गरीब की बगैर आवाज की लाठी पड़ती है तो उसका बड़ा भारी नुकसान उसके साथ अन्याय करने वाले को झेलना पड़ता है। डॉ. तंवर ने आम आदमी पार्टी को जन आंदोलन से निकली हुई पार्टी बताया और महंगाई को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
दिल्ली व पंजाब में आम आदमी पार्टी की लोगों को कई चीजें फ्री किए जाने की नीति पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए डॉ.तंवर ने कहा कि जिसे फ्री दिए जाने की जरूरत है। उसे फ्री मिलना चाहिए और जिससे टैक्स वसूला जाना चाहिए उससे टैक्स भी वसूल किया जाना चाहिए। इस मौके पर उनके साथ श्याम सिलाना, महावीर कटारिया आदि मौजूद रहे।