बहादुरगढ़। लाइपार क्षेत्र के सुभाष नगर में एक व्यक्ति ने मकान में फंदा लगाकर जान दे दी। उसने अपनी मौत के लिए एक दोस्त और एक महिला को जिम्मेदार ठहराया है। दीवार पर सुसाइड नोट के जरिये प्रधानमंत्री और हरियाणा व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से परिवार को न्याय दिलाने, उसके द्वारा डाली गई कमेटी के लाखों रुपये दिलाने व उसके परिवार को सुरक्षित उत्तर प्रदेश भिजवाने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मृतक धनंजय की पत्नी के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
धनंजय कुमार श्रीवास्तव (45 वर्ष) उत्तर प्रदेश के जिला देवरिया की तहसील भाटपार रानी के गांव छितोनी का मूल निवासी था। वह परिवार समेत बहादुरगढ़ के बसंत विहार की गली नंबर-1 में किराए के मकान में रहता था। मृतक की पत्नी पुष्पांजलि ने बताया कि उनके पति धनंजय श्रीवास्तव नोएडा की एक बड़ी कंपनी में कार्य करते थे। उनके पति के परिचित ने एक महिला के साथ मिलकर उन्हें तंग करना शुरू कर दिया। जिससे वह काफी परेशान रहते थे। पति ने कमेटी के जरिये रुपये भी उनके पास डाले हुए थे। वह अपने दोस्त से रुपये देने के लिए बार-बार कहते, लेकिन वे उन्हें मना कर देते। पैसे मांगने पर धमकी भी देते। उनकी यातनाओं से धनंजय काफी परेशान रहते और कर्ज के बोझ तले दबते चले गए। पुष्पांजलि ने बताया कि मंगलवार की सुबह उनके पति धनंजय ने अपने सुभाष नगर स्थित मकान में जाने की बात कही। काफी देर तक जब वह नहीं लौटे तो बेटा उत्कर्ष वहां गया, पर मकान का गेट बंद मिला। किसी तरह गेट को खोला तो धनंजय गले में रस्सी से फंदा लगाए लटके हुए मिले। बेटे ने किसी तरह से रस्सी को काटा और जब तक संभाला जाता उनकी मौत हो चुकी थी। पुष्पांजलि ने बताया कि दोनों आरोपियों ने उनके पति को इतना तंग कर दिया कि उन्होंने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इसलिए आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुष्पांजलि ने पुलिस का दी शिकायत में बताया कि उनके पति ने दीवार पर लिखा था : वो जल है। सेवा में माननीय मोदी जी, योगी जी व मनोहर लाल खट्टर जी, मैं धनंजय 10 साल पहले यूपी से परिवार सहित हरियाणा आया था। पांच साल ट्रक ड्राइवर रहा। फिर नोएडा की एक कंपनी में अच्छी नौकरी मिली। अच्छी जिंदगी चल निकली। वाइफ के नाम से एक बिजनेस भी डाल दिया। परिवार अच्छा चलने लगा। पर मेरे परिवार व मुझ पर (आरोपी का नाम पता और फोन नंबर) बराही रोड बहादुरगढ़ के निवासी व्यक्ति ने ऐसी नजर डाली और इतना ब्लैक मेल किया कि आज मैं कर्ज में आ गया और ये मुझे इतना टार्चर करता है कि मैं आत्महत्या करने पर मजबूर हूं। धनंजय ने उन मकान मालकिन महिला का नाम और पता भी सुसाइड नोट में लिखा है जहां उनका ऑफिस और गोदाम है।
धनंजय ने कहा है कि कमेटी के मेरे 19 लाख 50 हजार रुपये एक व्यक्ति लूटने के प्रयास में है। 10 महीना तक मैं इधर-उधर से लेकर किस्त भरता रहा, पर अब कमेटी मुझे मिलनी है तो मनाकर रहा है कि पैसे नहीं है। अब मेरी इज्जत कैसे बचेगी और लोकल यहां का निवासी होने के कारण मुझे धमका भी रहा है। यह घर मेरा सपना है। मैं कैसे बेच दूं।
धनंजय ने कहा है कि आरोपियों ने उसको झांसे में ले लिया। जिसके चलते मैं आत्महत्या कर रहा है। कृपा करके मेरे परिवार को सुरक्षित यूपी भेज दिया जाए। मैं व मेरे परिवार की जान खतरे में है। मैं मरना नहीं चाहता पर मजबूरी है, ये मुझे जीने नहीं देंगे। गाड़ी बिकवा दी। इन लोगों की जांच हो। मैं अपने परिवार का अकेला कमाने वाला था, लेकिन इन लोगों ने फंसाकर सब कुछ ले लिया, सो मैं जिंदगी खत्म कर रहा हूं। धनंजय ने कहा है कि आरोपी मेरे कमेटी के बकाया रुपये दें। कमेटी के नाम पर तुमने मुझे बर्बाद कर दिया। अन्यथा पूरा हरियाणा डिस्ट्रीब्यूटर धनंजय के स्वभाव के बारे में जानता है।
वर्जन
सुभाष नगर में 45 वर्षीय धनंजय द्वारा खुदकुशी करने का मामला सामने आया है। जिस घर में शव मिला है उसकी दीवार पर सुसाइड नोट लिखा हुआ मिला है। मृतक की पत्नी पुष्पांजलि ने कहा है कि यह सुसाइड नोट उनके पति का लिखा हुआ है। पुष्पांजलि की शिकायत पर उसके पति को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में बराही रोड निवासी विजय ओहलान और ओमैक्स सिटी निवासी आशा छिल्लर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
- इंस्पेक्टर राजेश, थाना प्रभारी, लाइनपार बहादुरगढ़